Sonam Wangchuk: सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत पर हाईकोर्ट सख्त, कहा - "हर जीवन कीमती" सरकार को दिए अहम निर्देश

Update: 2026-07-16 09:01 GMT

Sonam Wangchuk: नई दिल्ली: पर्यावरणविद् और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का आमरण अनशन 19वें दिन भी जारी है। लंबे समय से भोजन नहीं करने के कारण उनका वजन 9 किलोग्राम से अधिक कम हो गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उपवास की वजह से उनका ब्लड शुगर स्तर भी घट रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरा बढ़ सकता है। हालांकि, फिलहाल वह सक्रिय हैं और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत की निगरानी कर रही है।

दिल्ली हाईकोर्ट ने दिए जरूरी निर्देश

शुक्रवार को इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की पीठ ने केंद्र सरकार के आश्वासन पर संतोष जताया। अदालत ने निर्देश दिया कि सरकारी डॉक्टर नियमित रूप से सोनम वांगचुक की जांच करें और जरूरत पड़ने पर तुरंत इलाज उपलब्ध कराया जाए। कोर्ट ने कहा कि हर नागरिक का जीवन अनमोल है और उसकी सुरक्षा सबसे जरूरी है।

सरकार ने दिया स्वास्थ्य निगरानी का भरोसा

सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि अब सरकारी डॉक्टर नियमित रूप से वांगचुक का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

20 जुलाई को संसद मार्च की अपील

सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि उनकी तबीयत पूरी तरह ठीक नहीं है, लेकिन वह अपनी मांगें पूरी होने तक अनशन जारी रखेंगे। उन्होंने लोगों से 20 जुलाई को शांतिपूर्ण संसद मार्च में शामिल होकर आंदोलन का समर्थन करने की अपील भी की।

Tags:    

Similar News