देश की पहली LNG-डीजल ट्रेन शुरू: अमित शाह ने साबरमती स्टेशन से दिखाई हरी झंडी, 1,472 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
साबरमती से शुरू हुआ LNG ट्रेन का संचालन
नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को अहमदाबाद के साबरमती रेलवे स्टेशन से देश की पहली LNG (तरलीकृत प्राकृतिक गैस)-डीजल दोहरे ईंधन वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने साबरमती डिवीजन में भारतीय रेलवे की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
यात्री सुविधा और सुरक्षा पर जोर
कार्यक्रम में अमित शाह ने कहा कि रेलवे की नई परियोजनाओं से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही सुरक्षा, कनेक्टिविटी और पर्यावरण से जुड़ी जरूरतों को भी मजबूत करने में मदद मिलेगी। उन्होंने साबरमती स्टेशन में हुए बदलाव के लिए रेलवे अधिकारियों और पूरी टीम को बधाई दी।
1,472 करोड़ रुपए की परियोजनाएं
अमित शाह ने बताया कि रविवार को शुरू और स्वीकृत की गई रेलवे परियोजनाओं में कुल 1,472 करोड़ रुपए का निवेश शामिल है। साबरमती रेलवे स्टेशन को मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के तहत मल्टीमॉडल हब के रूप में भी विकसित किया जा रहा है।
डीजल की खपत 40% तक घटने की उम्मीद
रेलवे के मुताबिक LNG-डीजल सिस्टम से डीजल की खपत करीब 40% तक कम हो सकती है। इससे ईंधन खर्च के साथ कार्बन डाइऑक्साइड और अन्य प्रदूषकों के उत्सर्जन में भी कमी आने की उम्मीद है। ट्रेन में 1,400-1,400 हॉर्सपावर की दो पावर कारों को इस सिस्टम में बदला गया है।
हर इंजन से 11.9 लाख रुपए की बचत का अनुमान
रेलवे के अनुसार LNG के इस्तेमाल से प्रत्येक इंजन पर सालाना करीब 11.9 लाख रुपए की बचत हो सकती है। जरूरत के अनुसार ट्रेन LNG और डीजल के बीच स्विच कर सकेगी। LNG उपलब्ध न होने पर इसे डीजल से चलाया जा सकेगा।