Jharkhand Crime : चतरा। झारखंड के चतरा जिले में एक मामूली विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। एक चुटकी खैनी मांगने को लेकर शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक निजी सुरक्षा गार्ड ने अपनी सर्विस राइफल से साथी गार्ड को गोली मार दी। गोली लगने से गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार जब्त कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक अतुल सिंह और आरोपी बलविंदर सिंह बिहार के गया जिले की बेलागंज विधानसभा क्षेत्र की विधायक मनोरमा देवी के बेटे विनीत यादव उर्फ रॉकी यादव के निजी सुरक्षा गार्ड हैं। दोनों किसी काम से चतरा आए थे और एक ही वाहन में सवार थे।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, सफर के दौरान खैनी मांगने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते बहस हिंसक हो गई और आरोपी बलविंदर सिंह ने गुस्से में अपनी सर्विस राइफल से अतुल सिंह पर गोली चला दी। गोली लगने से अतुल सिंह, जो बिहार के बक्सर जिले के निवासी थे, की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार जब्त कर लिया। सूचना मिलते ही सिमरिया एसडीपीओ, टंडवा एसडीपीओ सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए।