Stenographer Recruitment: हाईकोर्ट में स्टेनोग्राफर के 163 पदों पर होगी भर्ती, इतने जुलाई से शुरू होंगे आवेदन, जानें कितनी होगी सैलरी
Stenographer Recruitment: जयपुर: राजस्थान हाईकोर्ट ने जिला न्यायालयों और जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों में स्टेनोग्राफर ग्रेड-II और ग्रेड-III के कुल 163 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। इच्छुक उम्मीदवार 22 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योग्यता और आयु सीमा
आवेदक का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। साथ ही देवनागरी लिपि में हिंदी का ज्ञान, राजस्थानी बोलियों की सामान्य जानकारी और मान्य कंप्यूटर योग्यता (जैसे RSCIT, O Level, COPA आदि) होना आवश्यक है। उम्मीदवार की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों और महिलाओं को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी।
आवेदन शुल्क
सामान्य और क्रीमी लेयर वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 750 रुपये है। ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर), एमबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 600 रुपये, जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग और पूर्व सैनिकों के लिए 450 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
कैसे होगा चयन?
चयन प्रक्रिया तीन चरणों में होगी। पहले शॉर्टहैंड परीक्षा, फिर कंप्यूटर स्पीड और दक्षता परीक्षा, और अंत में साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। सभी चरणों में सफल उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया जाएगा।
वेतन कितना मिलेगा?
चयनित अभ्यर्थियों को शुरुआती दो वर्ष प्रोबेशन के दौरान 23,700 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। इसके बाद नियमित नियुक्ति पर लेवल-10 के तहत 33,800 रुपये से 1,06,700 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा।