सत्यम बालाजी राइस इंडस्ट्रीज के ठिकानों पर IT की छापेमारी दूसरे दिन भी जारी, 150 से अधिक अधिकारी कार्रवाई में शामिल
रायपुर: रायपुर समेत छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और आंध्रप्रदेश में सत्यम बालाजी राइस इंडस्ट्रीज के ठिकानों पर आयकर विभाग (IT) की छापेमारी दूसरे दिन भी जारी है। इस कार्रवाई में रायपुर के 10 ठिकानों सहित महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना और आंध्रप्रदेश के स्थान शामिल हैं। शुरुआती जांच में 1.50 करोड़ रुपये नकद, चार लॉकर और बड़ी मात्रा में ज्वेलरी बरामद हुई है, जिसका मूल्यांकन जारी है।
150 से अधिक आयकर अधिकारी इस कार्रवाई में शामिल हैं और दस्तावेजों व सॉफ्टवेयर एविडेंस की गहन जांच कर रहे हैं। सत्यम बालाजी राइस मिल ग्रुप के संचालक प्रदीप (पुरुषोत्तम) अग्रवाल हैं, जिनका कारोबार कई राज्यों में फैला है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह ग्रुप मुख्य रूप से नगद लेन-देन करता था और टैक्सेशन व आईटीआर आकलन में गड़बड़ियों की शिकायतों के चलते आयकर विभाग ने छापा मारा।
इससे पहले भी इस समूह पर आयकर विभाग की कार्रवाई हो चुकी है, जिसके बाद ग्रुप ने अपना व्यापारिक मॉडल बदलकर नकद लेन-देन बढ़ाया और ऑटोमोबाइल व रियल एस्टेट में निवेश किया। रायपुर में छापेमारी के तहत राठौर चौक गोदाम, जवाहर मार्केट ऑफिस, राजीव नगर घर, भनपुरी राइस मिल, मोवा-सड्डू रोड स्थित राइस मिल और जगुआर शोरूम समेत कई अन्य ठिकाने जांच के दायरे में हैं।