IPL 2025 : चेन्नई: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के छठे लीग मैच से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए एक बड़ा बदलाव सामने आया है। टीम के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ कोहनी में फ्रैक्चर के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह अब दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी एक बार फिर CSK की कप्तानी संभालेंगे। CSK के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि गायकवाड़ को यह चोट 30 मार्च को गुवाहाटी में खेले गए एक मैच के दौरान जोफ्रा आर्चर की शॉर्ट गेंद पर लगी थी।


 IPL 2025 :
धोनी की कप्तानी में CSK की वापसी गुरुवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में मीडिया से बातचीत के दौरान फ्लेमिंग ने कहा, “ऋतुराज गायकवाड़ कोहनी में फ्रैक्चर के कारण IPL 2025 से बाहर हो गए हैं। अब एमएस धोनी कप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे।” गायकवाड़ के लिए यह सीजन उतार-चढ़ाव भरा रहा। उन्होंने पांच मैचों में CSK की कप्तानी की, लेकिन केवल एक मैच में ही टीम को जीत हासिल हुई। सीजन की शुरुआत में उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ शानदार अर्धशतक जड़ा, लेकिन इसके बाद उनकी बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी दिखी और टीम को लगातार हार का सामना करना पड़ा।


 IPL 2025 :
धोनी का अनुभव लाएगा नया जोश गायकवाड़ के बाहर होने से CSK के लिए धोनी की कप्तानी में वापसी एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकती है। धोनी को IPL के इतिहास में सबसे सफल कप्तानों में से एक माना जाता है। उन्होंने 226 मैचों में कप्तानी करते हुए 133 जीत हासिल की हैं। पिछली बार उन्होंने 2023 में CSK को खिताबी जीत दिलाई थी। वर्तमान में CSK प्वाइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर है और इस सीजन में टीम को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। ऐसे में धोनी का अनुभव और नेतृत्व क्षमता टीम को नई दिशा और उत्साह दे सकती है। CSK के प्रशंसकों के लिए धोनी की कप्तानी में वापसी एक रोमांचक खबर है, और सभी को उम्मीद है कि उनकी अगुवाई में टीम फिर से अपने पुराने रंग में लौटेगी।


Tags: