Top
Begin typing your search above and press enter to search.

भारतीय महिला टीम की ऐतिहासिक जीत को आज एक साल पूरे: 2 नवंबर को पहली बार बनी थी वनडे वर्ल्ड चैंपियन

भारत और श्रीलंका की मेजबानी में हुआ था विश्व कप

भारतीय महिला टीम की ऐतिहासिक जीत को आज एक साल पूरे: 2 नवंबर को पहली बार बनी थी वनडे वर्ल्ड चैंपियन
X

मुंबई: भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए 2 नवंबर की तारीख हमेशा यादगार रहेगी। आज से ठीक एक साल पहले इसी दिन हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने पहली बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर इतिहास रचा था। नवी मुंबई में खेले गए फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराया था। इस जीत के साथ ही भारतीय महिला टीम का 52 साल का इंतजार खत्म हुआ।

भारत और श्रीलंका की मेजबानी में हुआ था विश्व कप

महिला वनडे विश्व कप 2025 का 13वां संस्करण भारत और श्रीलंका में आयोजित किया गया था। इसके मुकाबले गुवाहाटी, इंदौर, नवी मुंबई, विशाखापट्टनम और कोलंबो में खेले गए थे। टूर्नामेंट के फाइनल में भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें आमने-सामने थीं।


शेफाली और दीप्ति ने बनाए अर्धशतक

फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 298 रन बनाए। शेफाली वर्मा ने 78 गेंदों पर 87 रन की पारी खेली, जबकि दीप्ति शर्मा ने 58 रन बनाए। स्मृति मंधाना ने 45 रन और ऋचा घोष ने 24 गेंदों पर 34 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

गेंदबाजी में भी शेफाली ने दिखाया दम

299 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने 246 रन पर सिमट गई। शेफाली वर्मा ने बल्लेबाजी के बाद गेंद से भी योगदान दिया। उन्होंने लगातार दो ओवर में सुने लुस और मारिजाने कैप को आउट कर मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया था।


दीप्ति शर्मा ने झटके 5 विकेट

दीप्ति शर्मा ने 58 रन बनाने के बाद गेंदबाजी में भी कमाल किया और 5 विकेट लिए। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट को भी आउट किया, जिन्होंने फाइनल में शतक लगाया था। हरमनप्रीत कौर ने नादिन डी क्लार्क का शानदार कैच लेकर जीत पर मुहर लगाई।

दीप्ति बनीं प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

दीप्ति शर्मा ने पूरे टूर्नामेंट में 22 विकेट लिए और 200 से ज्यादा रन भी बनाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। वहीं, लॉरा वोल्वार्ड्ट ने 571 रन बनाकर एक विश्व कप संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया था।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire