Indian women's cricket team: उज्जैन: महिला टी20 विश्व कप 2026 के आगाज से पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर पहुंची, जहां खिलाड़ियों ने भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुआई में पूरी टीम ने भस्म आरती में हिस्सा लिया और आगामी टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन की कामना की। कई खिलाड़ी अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचीं और पूजा-अर्चना की।

टीम की विकेटकीपर बल्लेबाज यास्तिका भाटिया ने कहा कि महाकाल के दरबार में आकर उन्हें मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने बताया कि वह पहले भी यहां आ चुकी हैं और भस्म आरती का अनुभव बेहद खास होता है। खिलाड़ियों का मानना है कि विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट से पहले आध्यात्मिक ऊर्जा टीम का आत्मविश्वास बढ़ाती है।

महिला टी20 विश्व कप 12 जून से शुरू होगा, जबकि भारत अपना पहला मुकाबला 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद टीम का सामना नीदरलैंड, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया से होगा। पिछली टी20 विश्व कप की निराशा को पीछे छोड़ते हुए भारतीय टीम इस बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

Tags: