Fraud News : इजरायली 'टाइम मशीन' के नाम पर 35 करोड़ की ठगी, 500 से ज्यादा बुजुर्ग हुए शिकार, गैंगस्टर लगेगा दंपती पर

दंपती के खिलाफ अब तक 500 से ज्यादा लोग सामने आ चुके हैं और पुलिस के पास अपनी शिकायत दर्ज करवा रहे हैं।

Update: 2024-10-06 07:12 GMT
Fraud News : कानपुर। बुजुर्गों को फिर से जवान बनाने का झांसा देकर 35 करोड़ रुपये की ठगी करने वाला एक दंपती पुलिस की रडार पर है। राजीव दुबे और रश्मि दुबे नामक इस दंपती ने इजरायली 'टाइम मशीन' और ऑक्सीजन थेरेपी के जरिए 64 साल के बुजुर्गों को 25 साल का युवा बनाने का दावा किया, जिससे सैकड़ों लोग उनके झांसे में आ गए।


Fraud News : 500 से ज्यादा बुजुर्ग फर्जीवाड़े के शिकार
दंपती के खिलाफ अब तक 500 से ज्यादा लोग सामने आ चुके हैं और पुलिस के पास अपनी शिकायत दर्ज करवा रहे हैं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की डीसीपी अंकिता शर्मा ने बताया कि पीड़ितों को तहरीर देने को कहा गया है, और जैसे-जैसे मामले बढ़ेंगे, दंपती के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।


Fraud News : फरार दंपती पर शिकंजा कसा
किदवई नगर पुलिस ने शनिवार को इस दंपती का जिम और कार्यालय सील कर दिया। दंपती के खिलाफ बैंक खाते खंगाले जा रहे हैं और उनके संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। जिम संचालित करने वाली कंपनी ने इस पूरे फर्जीवाड़े का पता चलते ही उनकी फ्रेंचाइजी भी वापस ले ली है।


Fraud News : नेटवर्किंग मार्केटिंग के जरिए की ठगी
इस ठगी को अंजाम देने के लिए दंपती ने नेटवर्किंग मार्केटिंग का सहारा लिया। दंपती ने टारगेट पूरा करने पर लोगों को लाखों रुपये के गिफ्ट का लालच देकर उन्हें और अधिक लोगों को ठगने के लिए प्रेरित किया। स्कीम के तहत तीन लाख रुपये का टारगेट पूरा करने पर डिनर सेट, 6 लाख पर सूटकेस, 12 लाख पर एलईडी टीवी, 24 लाख पर लैपटॉप और 48 लाख रुपये का टारगेट पूरा करने पर अंतरराष्ट्रीय ट्रिप का झांसा दिया गया।


Fraud News : एसआईटी टीम गठित
पुलिस ने मामले की जांच के लिए एक एसआईटी टीम का गठन किया है, जिसमें वरिष्ठ उपनिरीक्षक अवधेश कुमार शुक्ला समेत साइबर और सर्विलांस टीम के अधिकारी शामिल हैं। यह टीम पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और फरार दंपती की तलाश में जुटी है।


Fraud News : धोखाधड़ी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का ऐलान
पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने कहा है कि सैकड़ों लोगों को ठगने वाले इस दंपती पर गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पीड़ितों से अपील की है कि वे अपनी शिकायतें दर्ज कराएं ताकि दंपती को कानून के शिकंजे में लिया जा सके। इस पूरी घटना ने कानपुर शहर में हड़कंप मचा दिया है, और पुलिस अब दंपती को गिरफ्तार करने के लिए पूरी ताकत से जुटी हुई है।
Tags:    

Similar News