नकली नोटों का गोरखधंधा, घर पर छापकर बाजार में चला रहे थे 100 और 500 के नोट, 5 आरोपी गिरफ्तार...

गिरोह ने नकली नोटों के जरिए बाजार में एक बड़ा जाल बिछा रखा था।

Update: 2024-11-01 04:53 GMT
UP News : गोरखपुर। गोरखपुर के बेलीपार थाना क्षेत्र के भौवापार इलाके में नकली नोटों का कारोबार करते हुए 5 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों पर आरोप है कि वे घर में प्रिंटर से 100 और 500 रुपये के नकली नोट छापते थे और उन्हें भीड़भाड़ वाली जगहों पर बाजार में चला रहे थे। चेकिंग के दौरान पुलिस ने उनकी कार से 1.02 लाख रुपये के नकली नोट जब्त किए हैं।


UP News : एसपी दक्षिणी जितेंद्र कुमार तोमर ने जानकारी दी कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नकली नोटों की खेप लेकर कुछ लोग एक कार में जा रहे हैं। इस सूचना पर बेलीपार थाने की पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। वाराणसी रोड से गोरखपुर की ओर आ रही एक अर्टिगा कार को रोककर जब तलाशी ली गई, तो उसमें 100 रुपये के 1027 नकली नोट और 500 रुपये का एक नकली नोट मिला।


UP News : गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गोलू कन्नौजिया, प्रशान्त पांडेय, अमन विश्वकर्मा, आदित्य सिंह और मुस्तफा शामिल हैं। जांच में पता चला कि इस गैंग का सरगना प्रशान्त पांडेय है, जिसने नकली नोट छापने के लिए प्रिंटर, लैपटॉप और पेपर का इंतजाम किया था। वह असली नोटों के हूबहू जैसे नकली नोट प्रिंटर के माध्यम से तैयार करता था। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे एक माह से यह धंधा चला रहे थे और नकली नोटों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर खपाते थे। गिरोह ने नकली नोटों के जरिए बाजार में एक बड़ा जाल बिछा रखा था।


UP News : पुलिस ने आरोपियों के पास से अर्टिगा कार, 1.02 लाख रुपये के नकली नोट, एक प्रिंटर, लैपटॉप और नोट छापने के लिए इस्तेमाल किए गए पेपर भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी पूछताछ कर रही है ताकि इस गोरखधंधे के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
Tags:    

Similar News