Dharmendra Pradhan: नीट 2026 की तैयारियों की समीक्षा के लिए NTA मुख्यालय पहुंचे धर्मेंद्र प्रधान, सुरक्षा व्यवस्था पर दिया विशेष जोर

By :  Vpb
Update: 2026-06-09 14:51 GMT

Dharmendra Pradhan: नई दिल्ली: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) मुख्यालय का दौरा कर नीट 2026 परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा की सुरक्षा, गोपनीयता और साइबर सुरक्षा से जुड़े इंतजामों का जायजा लिया।

बैठक के बाद शिक्षा मंत्री ने कहा कि 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए केंद्र सरकार सभी आवश्यक कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्र तैयार करने से लेकर परीक्षा केंद्रों तक उसकी सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है।

धर्मेंद्र प्रधान ने जानकारी दी कि परीक्षा की सुरक्षा को लेकर सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पत्र भेजा गया है। राज्य सरकारों से परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और प्रशासनिक स्तर पर निगरानी बढ़ाने का अनुरोध किया गया है। कई राज्यों में जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठकें भी शुरू हो चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में केंद्रीय गृह सचिव की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। साथ ही NTA की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। साइबर खतरों और अफवाहों से निपटने के लिए इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की साइबर क्षमताओं का भी उपयोग किया जाएगा, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

Tags:    

Similar News