Crime News : पति को साइनाइड देकर मारा, प्रेमी के साथ मिल फैक्ट्री में 12 फीट नीचे दफनाई लाश, 2 साल बाद खुला राज

Update: 2026-07-31 08:59 GMT

जामनगर : गुजरात के जामनगर से हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक महिला पर अपने पति की हत्या कर शव को फैक्ट्री परिसर में दफनाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक महिला ने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति जिग्नेश की हत्या की साजिश रची। करीब दो साल तक परिवार को पति के ऑस्ट्रेलिया में होने की कहानी सुनाकर गुमराह किया जाता रहा। मामले का खुलासा मृतक के भाई के शक और पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी के बाद हुआ।

प्रेम संबंध में रोड़ा बना पति, रची गई हत्या की साजिश

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला पृथ्वी का नीलेश मनसुखभाई कचेटिया नाम के युवक के साथ कथित तौर पर संबंध था। आरोप है कि इसी रिश्ते के चलते दोनों ने जिग्नेश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस का दावा है कि साजिश के तहत जिग्नेश को शराब में साइनाइड दिया गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

फैक्ट्री में दफनाया गया शव

वारदात के बाद पहचान छिपाने के लिए जिग्नेश के शव को दरेड इलाके में स्थित एक किराए की फैक्ट्री में ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक वहां करीब 12 से 15 फीट गहरा गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया गया। घटना के बाद आरोपी महिला ने परिवार और रिश्तेदारों से जिग्नेश की मौजूदगी को लेकर एक झूठी कहानी बतानी शुरू कर दी।

दो साल तक परिवार को देती रही धोखा

आरोप है कि पृथ्वी ने ससुराल वालों से कहा कि जिग्नेश काम के सिलसिले में ऑस्ट्रेलिया गया है। जब परिवार ने उससे संपर्क नंबर मांगा तो उसने कथित तौर पर यह कहकर बात टाल दी कि जिस कंपनी में वह काम करता है, वहां मोबाइल फोन रखने और बातचीत करने की अनुमति नहीं है। इसी कहानी के सहारे करीब दो साल तक परिवार को गुमराह किया गया।

देवर के सवालों ने खोल दिया पूरा राज

मामले का खुलासा तब हुआ जब जिग्नेश के भाई अशोक धर्मेशभाई मावदीया ने ऑस्ट्रेलिया जाने की योजना बनाई। उन्होंने पृथ्वी से जिग्नेश की कंपनी का पता मांगा, लेकिन वह कथित तौर पर स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी। इससे अशोक को संदेह हुआ। उन्होंने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो महिला कथित तौर पर घबरा गई और जिग्नेश की हत्या की बात स्वीकार कर ली।

खुदाई में मिले कंकाल के अवशेष

महिला से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस दरेड इलाके की संबंधित फैक्ट्री पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कराई गई, जहां से करीब 12 से 15 फीट गहराई में मानव कंकाल के अवशेष बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने अवशेषों को जांच के लिए भेजने के साथ मामले में हत्या और साक्ष्य मिटाने सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।

जांच में सामने आएंगे साजिश के बाकी पहलू

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या की साजिश कैसे रची गई, इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे और वारदात के बाद सबूत मिटाने के लिए क्या-क्या किया गया। पुलिस के मुताबिक फॉरेंसिक और अन्य जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News