Ankit Baliyan Shooters Encounter: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के 2 शूटर एनकाउंटर में ढेर
Ankit Baliyan Shooters Encounter: शामली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दोशूटर्स सुमित और मोहित को मार गिराया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों से 3 पिस्टल, 26 जिंदा कारतूस और खोखे बरामद हुए हैं।
Ankit Baliyan Shooters Encounter: शामली। हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान हत्याकांड में शामली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो शूटर्स सुमित और मोहित को मार गिराया है। दोनों आरोपी पुलिस के मुताबिक अंकित बालियान की हत्या में शामिल थे। एनकाउंटर के बाद आरोपियों के पास से कई हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार यह मुठभेड़ सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में हुई। दोनों आरोपियों ने चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वे घायल हो गए। अस्पताल ले जाने के दौरान दोनों की मौत हो गई।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
शामली SP नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक 26 तारीख को कोतवाली थाना क्षेत्र में एक जिम के पास मशहूर हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पूरे जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया था।
पुलिस रात करीब 12 बजे से सुबह तक जिलेभर में नाकेबंदी और चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बागपत नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों ने पुलिस की गाड़ी और जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी इसके बाद मोटरसाइकिल मोड़कर कोतवाली की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया और औद्योगिक क्षेत्र में उन्हें घेर लिया। दोनों ओर से हुई फायरिंग के बाद दोनों आरोपी घायल हो गए।
9mm और .32 कैलिबर की पिस्तौल बरामद
SP नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार एनकाउंटर के बाद आरोपियों के पास से दो 9mm पिस्तौल, एक .32 कैलिबर पिस्तौल, 26 जिंदा कारतूस और करीब 15 खोखे बरामद किए गए हैं।
पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने पूछताछ में अंकित बालियान की हत्या को लेकर अहम जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक उन्होंने बताया कि हरियाणा के कुख्यात अपराधी राहुल ने उन्हें भेजा था। राहुल ने उन्हें पैसे और हथियार उपलब्ध कराए थे।
चार शूटरों की हुई थी पहचान
अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) भी जुटी थी। जांच के दौरान पुलिस ने चार संदिग्ध शूटर्स की पहचान की थी।
पुलिस के मुताबिक ये आरोपी हरियाणा के हिसार और रोहतक जिलों के रहने वाले थे। दो आरोपियों के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद अब पुलिस बाकी दो कथित शूटर्स की तलाश में जुटी है।
हरियाणा और दिल्ली में पुलिस की छापेमारी
मामले में नए खुलासों के बाद पुलिस की कई टीमें हरियाणा और दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का फोकस अब फरार दो आरोपियों को पकड़ने और हत्या के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा करने पर है।
अंकित बालियान की हत्या के बाद से ही पुलिस इस मामले को गंभीरता से जांच रही थी। दो आरोपियों के एनकाउंटर के बाद अब केस में आगे की जांच और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी पर नजर बनी हुई है।