Congress: नीट पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस चलाएगी देशव्यापी अभियान, राहुल गांधी करेंगे नेतृत्व

By :  Vpb
Update: 2026-06-13 11:16 GMT

Congress: नई दिल्ली: नीट पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस ने देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी के अनुसार, इस अभियान का नेतृत्व लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी करेंगे और इसकी शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से होगी।

कई शहरों में होंगे छात्र सम्मेलन

कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने बताया कि अभियान के तहत 10 जुलाई को प्रयागराज, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में भी बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों में छात्र, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा, शिक्षक, युवा संगठन और परीक्षा घोटालों से प्रभावित लोग शामिल होंगे।

छात्रों तक पहुंचने की रणनीति

वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी छात्र सम्मेलनों की श्रृंखला आयोजित करेंगे। उन्होंने बताया कि एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, प्रदेश कांग्रेस कमेटियों और स्थानीय इकाइयों के माध्यम से छात्रों को जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत कोचिंग सेंटरों, विश्वविद्यालयों, स्कूलों और युवा केंद्रों में संवाद कार्यक्रम, सोशल मीडिया अभियान, लाइव स्क्रीनिंग और छात्रों से सीधा संवाद आयोजित किया जाएगा।

सरकार को घेरने की तैयारी

कांग्रेस का कहना है कि यह अभियान उन लाखों युवाओं की समस्याओं को सामने लाएगा, जिनका भविष्य पेपर लीक, परीक्षा की बढ़ती लागत और पारदर्शी भर्ती प्रणाली की कमी के कारण प्रभावित हुआ है। पार्टी नीट के विकेंद्रीकरण, परीक्षा शुल्क समाप्त करने, पेपर लीक रैकेट में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाएगी।

Tags:    

Similar News