CG News : पेड़ पर चढ़कर की थी आत्महत्या की कोशिश, पुलिस ने बचाया, घर पहुंचकर फिर लगाई फांसी...
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
By : Rohit Banchhor
Update: 2024-11-12 05:54 GMT
CG News : रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के गोपालपुर गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां हरिशंकर सिदार नाम के व्यक्ति ने आत्महत्या की कोशिश की। पुलिस ने उसे पहले तो पेड़ से उतारकर उसकी जान बचाई, लेकिन अगले ही दिन उसने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। इस घटना ने पुलिस समेत पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।
CG News : चक्रधर नगर थाना प्रभारी प्रशांत आहेर ने बताया कि सोमवार को सूचना मिली थी कि हरिशंकर घरेलू झगड़े से परेशान होकर पेड़ पर चढ़कर फांसी लगाने की कोशिश कर रहा है। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर हरिशंकर को दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ से नीचे उतारा और समझाकर घर भेज दिया था। लेकिन आज सुबह खबर मिली कि हरिशंकर ने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है। पुलिस टीम के लिए यह घटना चौंकाने वाली है, क्योंकि उन्होंने समझाइश देकर उसे सुरक्षित घर भेजा था।
CG News : हरिशंकर के भतीजे अनिल सिदार ने बताया कि तीन दिन पहले किसी पारिवारिक विवाद के चलते हरिशंकर की पत्नी अपने मायके पुजेरीपाली चली गई थी। इस बात से हरिशंकर काफी आहत था और इसी मानसिक तनाव में उसने आत्महत्या की कोशिश की थी।
CG News : आज सुबह हरिशंकर का शव पड़ोसियों ने उसके घर के बगल में निर्माणाधीन भवन में पानी डालते समय देखा। ग्रामीणों और सरपंच को इसकी सूचना दी गई, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।