CG News : थाने में पूछताछ के दौरान प्यून ने लगाई फांसी, मचा हड़कंप, लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन...
आक्रोशित लोगों ने पुलिस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए एसपी कार्यालय के सामने एनएच-343 पर चक्काजाम कर दिया।
By : Rohit Banchhor
Update: 2024-10-24 07:40 GMT
CG News : बलरामपुर। बलरामपुर जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक अस्पताल के प्यून ने पुलिस थाने में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आक्रोशित लोगों ने पुलिस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए एसपी कार्यालय के सामने एनएच-343 पर चक्काजाम कर दिया।
CG News : बता दें कि गुरूचंद मंडल, जो बलरामपुर के अस्पताल में प्यून के पद पर कार्यरत थे, की पत्नी पिछले 20 दिनों से लापता थी। इस मामले में गुरूचंद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, और पुलिस मामले की जांच कर रही थी। गुरूचंद को पुलिस द्वारा कई बार पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था। आज गुरुवार को भी उन्हें दोपहर के वक्त थाने बुलाया गया, लेकिन थाने पहुंचने के बाद उन्होंने बाथरूम में जाकर गमछे से फांसी लगा ली।
CG News : घटना के बाद मचा हड़कंप
पुलिस को जब इस घटना का पता चला, तो थाने में हड़कंप मच गया। इस खबर के फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और चिकित्सक थाने के सामने इकट्ठा हो गए और आक्रोशित भीड़ ने जमकर नारेबाजी की। मृतक के परिजनों को भी थाने बुला लिया गया, और लोगों ने एसपी कार्यालय के सामने एनएच-343 पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की।