CG News : सपेरा के वेश में बदमाशों ने की लूटपाट, महिला को बेहोश कर उड़ाए लाखों के जेवर और नकदी रकम...
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।
By : Rohit Banchhor
Update: 2024-11-12 05:34 GMT
CG News : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के धरसीवां इलाके के ग्राम कपसदा में एक अजीबोगरीब लूट का मामला सामने आया है। यहां दो अज्ञात बदमाश सपेरा वेश में आए और एक महिला को बेहोश कर उसके घर से लाखों के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए।
CG News : ग्राम कपसदा निवासी पीड़िता रमशीला साहू ने बताया कि 11 नवंबर की सुबह 11 बजे जब वह घर पर अकेली थी, तभी दो व्यक्ति सपेरा बनकर आए। दोनों ने काले शर्ट और लुंगी पहनी हुई थी और एक व्यक्ति के हाथ में सांप की टोकरी थी। उन्होंने रमशीला से चावल मांगा, लेकिन चावल लाने के बाद उन्होंने मना कर दिया। अचानक उनमें से एक व्यक्ति ने महिला के चेहरे पर पाउडर छिड़क दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ी।
CG News : जब करीब 12.15 बजे रमशीला को होश आया, तो उसने देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और आलमारियों के ताले टूटे हुए थे। आलमारी में रखे चांदी के गहने, जिनमें 5 तोले की पायल और 3 तोले का करधन और नगद 48,000 रुपए गायब थे। पीड़िता ने धरसीवां थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।