CG News : मां बम्लेश्वरी मंदिर में भीड़ के बीच महिला श्रद्धालु की मौत, प्रशासन ने की धैर्य रखने की अपील
राजनांदगांव के कलेक्टर संजय अग्रवाल ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि भीड़ में धैर्य बनाए रखें और दर्शन के लिए जल्दबाजी न करें।
By : Rohit Banchhor
Update: 2024-10-06 04:41 GMT
CG News : राजनांदगांव। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में हर दिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन लगभग 2 से 2.5 लाख भक्त मां के दरबार में अपनी श्रद्धा अर्पित करने आ रहे हैं। इसी बीच, बीती रात एक दुखद घटना सामने आई, जहां एक महिला श्रद्धालु की अचानक मौत हो गई।
CG News : मृत महिला का नाम सोनल साहू 36 वर्ष था, जो धमतरी की निवासी थीं। घटना की पुष्टि एडिशनल एसपी राहुदेव शर्मा ने की है। बताया जाता है कि सोनल साहू को सुबह 5 बजे के आसपास इलाज के लिए डोंगरगढ़ के अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल महिला की मौत का कारण अज्ञात है, लेकिन भीड़ और अत्यधिक थकान संभावित कारण हो सकते हैं।
CG News : सुरक्षा के सख्त इंतजाम-
नवरात्रि के पावन पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है ताकि भक्तों की भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। प्रशासन लगातार भीड़ को व्यवस्थित तरीके से दर्शन करवाने का प्रयास कर रहा है, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो।
CG News : बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को दें प्राथमिकता-
राजनांदगांव के कलेक्टर संजय अग्रवाल ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि भीड़ में धैर्य बनाए रखें और दर्शन के लिए जल्दबाजी न करें। उन्होंने कहा कि उपवास, लगातार पैदल चलने और भीड़ के कारण घबराहट या बेचैनी हो सकती है। ऐसे में सभी भक्त जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। कलेक्टर ने विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों, माताओं और दिव्यांगजनों का ध्यान रखने की बात कही, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने श्रद्धालुओं से यह भी आग्रह किया कि बुजुर्ग, बच्चों और दिव्यांगों को पहले दर्शन का अवसर दें और भीड़ को नियंत्रित करने में प्रशासन का साथ दें। प्रशासन ने भीड़ को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की है।