2 अरब रुपये का बिजली बिल देखकर कारोबारी के उड़े होश, बिजली विभाग में की शिकायत...
विभाग ने इसे सुधारते हुए कारोबारी को संशोधित बिल जारी किया।
Himachal Pradesh : हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के बेहड़वीं जट्टां गांव में एक कारोबारी को 2 अरब रुपये से अधिक का बिजली बिल मिला, जिसे देखकर उनके होश उड़ गए। कंक्रीट की ईंटें बनाने का कारोबार करने वाले ललित धीमान को यह बिल देखकर यकीन ही नहीं हुआ। इस असाधारण राशि को देखकर उन्होंने तुरंत बिजली विभाग के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद विभाग ने मामले की जांच की और बिल में सुधार किया।
Himachal Pradesh : ललित धीमान ने बताया कि उन्हें जो बिजली बिल मिला, उसकी राशि 2,10,42,08,405 रुपये थी। यह देख वे हैरान रह गए, क्योंकि यह रकम उनके पूरे कारोबार से कहीं ज्यादा थी। डर और घबराहट के बाद उन्होंने तुरंत बिजली विभाग में शिकायत की और विभाग ने मामले की जांच शुरू की। बिजली विभाग की जांच में यह सामने आया कि बिल का आकार इतनी बड़ी राशि तक पहुंचने का कारण एक तकनीकी खामी थी। मीटर रीडिंग वाली मशीन से गलत रीडिंग अपलोड होने के कारण बिल में गड़बड़ी हुई थी। विभाग ने इसे सुधारते हुए कारोबारी को संशोधित बिल जारी किया।
Himachal Pradesh : बिल में सुधार और कार्रवाई की पुष्टि-
बिजली बोर्ड के हमीरपुर जोन के एसई आशीष कपूर ने बताया कि इस गलती के कारण बिल भेजने से पहले सहायक अभियंता के स्तर पर एप्रूव नहीं किया जा सका था। उन्होंने बताया कि आगामी समय में इस तरह की गलती को रोकने के लिए एसडीओ को सभी दस्तावेजों के साथ सोमवार को बुलाया गया है। अब, सुधार के बाद कारोबारी को 4,047 रुपये का सही बिल भेजा गया है।