Big Accident : तेज रफ्तार यात्री बस पुलिया की दीवार से टकराई, 10 की मौत, 30 से अधिक घायल...
| मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
By : Rohit Banchhor
Big Accident : सीकर। राजस्थान के सीकर जिले में मंगलवार दोपहर को एक भयानक सड़क हादसा हुआ जिसमें यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस पुलिया की दीवार से टकरा गई। इस हादसे में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। बताया जाता है कि हादसा दोपहर करीब 2 बजे लक्ष्मणगढ़ के पास हुआ, जहां सालासर की तरफ से आ रही बस अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया की दीवार से जा टकराई।
Big Accident : घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। जिला पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव ने बताया कि दुर्घटना के बाद घायलों को लक्ष्मणगढ़ और सीकर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बस के ड्राइवर साइड का हिस्सा टक्कर के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे यात्रियों को बाहर निकालने में काफी कठिनाई हुई। जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा, एसपी भुवन भूषण यादव, सिटी डीएसपी शाहीन सी और एडीएम रतन कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।
Big Accident : मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया दुख-
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए हर संभव प्रयास किया जाए। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।