Andhra Pradesh : झरने में नहा रही 3 सहेलियों की डूबने से मौत, चौथी रील बना रही थी; बचाने गई लड़की घायल

By :  Dev Verma
Update: 2026-04-10 08:56 GMT

Andhra Pradesh : विशाखापट्टनम। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले के अनंतगिरि मंडल में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मुलागुम्मी गांव के पास स्थित एक झरने में नहाते समय तीन किशोरियों की डूबने से मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने गई चौथी लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Andhra Pradesh : कैसे हुआ हादसा?

पुलिस के अनुसार, चारों लड़कियां झरने पर घूमने गई थीं। तीन सहेलियां झरने में नहाने लगीं, जबकि चौथी लड़की एस. अंजलि अपनी तीनों सहेलियों की रील बना रही थी। नहाते समय तीनों लड़कियां अचानक डूबने लगीं। उन्हें बचाने के लिए अंजलि तुरंत पानी में कूद गई, लेकिन वह खुद भी डूबने लगी। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर तुरंत राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने तीनों लड़कियों के शव पानी से बाहर निकाले और अंजलि को सुरक्षित निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

Andhra Pradesh : मृतकों की पहचान

मृतक तीनों किशोरियों की पहचान तृषा (17), पवित्रा (16) और रत्नकुमारी (16) के रूप में हुई है। तीनों हुकुमपेटा मंडल के जंबुवलासा गांव की निवासी थीं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि झरने के आसपास सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी बोर्ड लगे थे या नहीं। यह घटना एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़ा करती है।

Tags:    

Similar News