महिला के साथ ठगी, रोते हुए बच्चे की कहानी सुनकर गंवाए गहने, सीसीटीवी में सामने आया आरोपी...
महिला को घटना का अहसास होने पर वह तुरंत पुलिस के पास पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज कराई।
MP News : ग्वालियर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के महाराज बाड़ा में एक महिला के साथ चतुर ठगों द्वारा धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। ठगों ने महिला को रोते हुए बच्चे की दुखभरी कहानी सुनाकर झांसे में लिया और उसे ठगकर जेवरात लूट लिए। महिला को घटना का अहसास होने पर वह तुरंत पुलिस के पास पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज कराई।
MP News : बता दें कि आपागंज शीतला कॉलोनी निवासी 35 वर्षीय ज्योति रैकवार प्राइवेट जॉब करती हैं। ड्यूटी से लौटते समय उन्हें एक 10-12 साल का रोता हुआ बच्चा मिला, जिसने बस का स्थान पूछते हुए अपनी मजबूरी की कहानी सुनाई। बच्चे ने कहा कि उसके मालिक ने उसे नौकरी से निकाल दिया है और वह धौलपुर अपने मैनेजर के पास जाना चाहता है। उसने यह भी कहा कि वह बहुत भूखा है। इसी दौरान एक 20-22 साल का युवक वहां आ गया और बच्चे की कहानी सुनकर मदद करने की बात कही। वह बच्चा महिला को लेकर टाउन हॉल के सामने एक पार्क में बैठ गया। कुछ देर बाद एक 20 वर्षीय युवती भी वहां पहुंची और उसने भी बच्चे की मदद करने का आश्वासन दिया।
MP News : इसके बाद बच्चे ने महिला को एक कपड़े में लिपटा हुआ थैला दिया, जिसमें नोटों की गड्डियां दिखाई दे रही थीं। बच्चे ने महिला को विश्वास में लेकर अपने गहने थैले में रखने को कहा और फिर अचानक सभी आरोपी वहां से गायब हो गए। कुछ देर बाद जब महिला को होश आया और उसने थैला खोला, तो न उसमें पैसे थे और न ही उसके गहने। महिला को ठगी का एहसास हुआ और वह बाड़ा पुलिस चौकी पहुंची, जहां उसने पूरी घटना की जानकारी दी।
MP News : सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए आरोपी-
महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना से जुड़े कुछ सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगे हैं, जिनमें आरोपी नजर आ रहे हैं। अब पुलिस फुटेज के आधार पर ठगों की पहचान कर उनकी तलाश में जुट गई है। **बढ़ रही ठगी की घटनाएं, पुलिस ने जारी की चेतावनी- ऐसी ठगी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जहां अपराधी मासूम लोगों को भावनात्मक रूप से ठगने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने शहरवासियों को सतर्क रहने और अनजान लोगों की बातों में न आने की सलाह दी है। अगर किसी को इस तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।