Viral Video : सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बुलेट बाइक की सीट के नीचे दुनिया के सबसे जहरीले सांपों में से एक रसैल वाइपर घुस गया। यह देखकर बाइक मालिक और सर्विस सेंटर के कर्मचारियों के होश उड़ गए। आनन-फानन में सर्पमित्र (स्नैक केचर) को बुलाया गया, जिसने बड़ी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित निकाल लिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग दहशत में हैं।

बता दें कि घटना सागर के सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित एक बाइक सर्विस सेंटर की है। एक छात्र अपनी बुलेट बाइक लेकर सर्विसिंग के लिए पहुंचा था। जब मिस्त्री ने बाइक की सीट खोली, तो उसके नीचे एक जहरीला रसैल वाइपर सांप कुंडली मारकर बैठा हुआ दिखा। सांप को देखते ही सर्विस सेंटर में हड़कंप मच गया। बाइक मालिक और वहां मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत स्थानीय स्नैक केचर अकील बाबा को सूचना दी। अकील अपने बेटे के साथ मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

रसैल वाइपर, जानलेवा खतरा-

अकील बाबा ने बताया कि रसैल वाइपर दुनिया के सबसे जहरीले सांपों में से एक है। इसका विष इतना घातक होता है कि काटने के कुछ ही मिनटों में पीड़ित की जान जा सकती है। उन्होंने कहा, इस सांप के डसने के बाद पीड़ित को अस्पताल पहुंचने का समय भी नहीं मिलता। अकील ने अपने अनुभव और विशेषज्ञता का इस्तेमाल कर बाइक की सीट के नीचे से सांप को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला। इस दौरान सांप को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया और उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की तैयारी की गई।

Tags: