UK: कांवड़ मेले की तैयारी पूरी, 30 जुलाई से 11 अगस्त तक स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद, पहली बार तैनात होंगे साइबर कमांडो

Uttarakhand

Update: 2026-07-27 16:00 GMT

UK: हरिद्वार। कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार जिला प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मेले के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। जहां भी कोई कमी मिलेगी, उसे तुरंत दूर किया जाएगा।

30 जुलाई से 11 अगस्त तक शिक्षण संस्थान बंद

कांवड़ यात्रा के दौरान भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए 30 जुलाई से 11 अगस्त तक जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, तकनीकी संस्थान तथा आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। हालांकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए इस दौरान ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी।

पहली बार तैनात होंगे साइबर कमांडो

इस बार कांवड़ मेले में पहली बार साइबर कमांडो तैनात किए जाएंगे। ये सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखेंगे और फर्जी, भ्रामक या एआई से बनाए गए वीडियो पर तुरंत कार्रवाई करेंगे। इसके अलावा डीजे वाहनों के लिए तय नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

खाद्य सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा पर जोर

प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई करने और दुकानों पर रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मानसून और निर्माण कार्यों के बावजूद श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यात्रा और बेहतर सुविधाएं प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता रहेंगी।

Tags:    

Similar News