UK: उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट: 85 सड़कें बंद, कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर
उत्तराखंड
UK: देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी राहत एवं बचाव एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने और संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जरूरत पड़ने पर लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा है।
देहरादून, चमोली और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट
सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार के लिए देहरादून, चमोली और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के अन्य जिलों में येलो अलर्ट है। तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पूरे प्रदेश की निगरानी कर रहा है।
भूस्खलन से 85 सड़कें बंद, कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित
लगातार बारिश के कारण प्रदेश में 85 सड़कें बंद हो गई हैं। चमोली में सबसे अधिक 20 और पिथौरागढ़ में 13 मार्ग प्रभावित हैं। रुद्रप्रयाग के विजयनगर-तैला मार्ग पर फिर भूस्खलन हुआ, जिससे 80 से अधिक गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया। घुत्तू बाजार में भी लैंडस्लाइड से कई मकानों पर खतरा मंडरा रहा है और एक वाहन मलबे में दब गया।
अलकनंदा-मंदाकिनी उफान पर, लोगों से सतर्क रहने की अपील
रुद्रप्रयाग में अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। प्रशासन ने नदी किनारे नहीं जाने की सलाह दी है। वहीं यमुनोत्री हाईवे पर भूस्खलन के दौरान दो कांवड़ यात्री बाल-बाल बच गए। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।