देहरादून। उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम से सहस्रधारा लौट रहा हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना में पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी है।

दोपहर 1:14 बजे बदरीनाथ से भरी थी उड़ान

यूकाडा के सीईओ प्रतीक जैन के मुताबिक, ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर दोपहर 1:14 बजे बदरीनाथ से सहस्रधारा के लिए रवाना हुआ था। जोशीमठ घाटी के आसपास पहुंचने के बाद हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया। इसके बाद उसकी लोकेशन का पता नहीं चल सका।

SDRF और सेना को बचाव अभियान में लगाया

हेलीकॉप्टर का संपर्क टूटने की जानकारी मिलते ही चमोली जिला प्रशासन, SDRF और सेना की टीम को घटनास्थल के पास भेजा गया। टीमों ने मिलकर बचाव अभियान शुरू किया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल 6 लोग सवार थे।

कर्नाटक के 5 यात्रियों की भी मौत

इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी 6 लोगों की जान चली गई। मृतकों में कर्नाटक के प्रतापा, अरुण सालुंके, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एचएस नटराज शामिल हैं। वहीं, हेलीकॉप्टर के पायलट कैप्टन हिमांशु की भी दुर्घटना में मौत हो गई।

हादसे के बाद सभी उड़ानों पर रोक

हेलीकॉप्टर हादसे के बाद यूकाडा ने ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Tags: