CM योगी की बड़ी सौगात, भारत टैक्सी लॉन्च, चालकों को जीरो कमीशन और 5 लाख का बीमा, किसानों को 6% ब्याज पर लोन
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के टैक्सी चालकों और किसानों के लिए दो बड़ी योजनाओं की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री ने भारत टैक्सी सेवा और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ किया।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के टैक्सी चालकों और किसानों के लिए दो बड़ी योजनाओं की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री ने भारत टैक्सी सेवा और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ किया। भारत टैक्सी के माध्यम से टैक्सी, टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर चालक अब रजिस्ट्रेशन कर जीरो कमीशन मॉडल पर जुड़ सकेंगे। इसके साथ ही चालकों को 5 लाख रुपये तक की सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं किसानों को राहत देते हुए मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत कृषि ऋण की ब्याज दर को 11 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत कर दिया गया है।
भारत टैक्सी से चालकों को मिलेगा नया अवसर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लंबे समय तक टैक्सी, टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर चालकों की सुविधाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। भारत टैक्सी के जरिए अब चालक सीधे इस प्लेटफॉर्म से जुड़ सकेंगे और उन्हें बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल यात्रियों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने की सेवा नहीं है, बल्कि रोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाला मॉडल है। लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में इसकी शुरुआत की गई है।
लाखों युवाओं को रोजगार से जोड़ने की तैयारी
सीएम योगी ने कहा कि भारत टैक्सी मॉडल को आगे बढ़ाने से बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। उन्होंने परिवहन विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस तरह की परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रयागराज महाकुंभ 2025 के दौरान रैपिडो जैसी सेवाओं के सफल संचालन का उदाहरण देते हुए कहा कि तकनीक आधारित परिवहन व्यवस्था लोगों को बेहतर सुविधा दे सकती है।
किसानों को 6 प्रतिशत ब्याज पर मिलेगा ऋण
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत किसानों को बड़ी राहत दी गई है। अब उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक से मिलने वाले ऋण की ब्याज दर 11 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत कर दी गई है। सरकार का लक्ष्य आने वाले वर्षों में करीब 5 लाख छोटे और सीमांत किसानों को इस योजना का लाभ पहुंचाना है। किसानों को खेती, कृषि उपकरण और अन्य जरूरतों के लिए दीर्घकालिक ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
किसानों के लिए सरकार ने गिनाईं उपलब्धियां
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में कई कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 के बाद 86 लाख छोटे और सीमांत किसानों के 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक के ऋण माफ किए गए। इसके अलावा सिंचाई परियोजनाओं को पूरा कर लाखों हेक्टेयर भूमि को अतिरिक्त सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया। सीएम ने कहा कि प्रदेश में लाखों निजी ट्यूबवेल वाले किसानों को मुफ्त बिजली और नहरों व सरकारी ट्यूबवेल से सिंचाई की सुविधा दी जा रही है।
गन्ना किसानों को भुगतान और सहकारिता पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों को लगातार भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में किसानों को 3.30 लाख करोड़ रुपये से अधिक का गन्ना मूल्य भुगतान किया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों को बीज से लेकर बाजार तक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए फूड प्रोसेसिंग यूनिट, पैक हाउस और किसान उत्पादक संगठनों (FPO) को बढ़ावा दिया जा रहा है।
सहकारी बैंकों को मजबूत करने का दावा
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहले निष्क्रिय हो चुके कई सहकारी बैंक अब दोबारा बेहतर स्थिति में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सहकारिता से लाखों नए सदस्य जुड़े हैं और किसानों को खाद, बीज और अन्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
कृषक समृद्धि पोर्टल लॉन्च, भारत टैक्सी को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि पोर्टल ऐप और सहकारिता से जुड़ी डिजिटल सेवाओं की शुरुआत की। उन्होंने भारत टैक्सी से जुड़े चालकों को शेयर प्रमाण पत्र और कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र सौंपे। इसके बाद मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत कई मंत्री और अधिकारी मौजूद रहे।