UP Crime : मायके से लौटने के अगले ही दिन पत्नी की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
| निगोही के त्रिलोकापुर गांव में घरेलू विवाद के बाद वारदात, ग्रामीणों ने आरोपी पति को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।
UP Crime : शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद का खौफनाक अंत हो गया। निगोही थाना क्षेत्र के त्रिलोकापुर गांव में एक युवक ने अपनी पत्नी की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि आरोपी पति एक दिन पहले ही पत्नी को उसके मायके से घर लेकर आया था। वारदात के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतका की पहचान रेशमा और आरोपी की पहचान शिवम के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। सोमवार को शिवम अपनी पत्नी को मायके से वापस लेकर आया था। मंगलवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर फिर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और शिवम ने तमंचे से रेशमा पर गोली चला दी।
गोली लगने से रेशमा जमीन पर गिर पड़ी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोपी शिवम को पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही निगोही थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि शिवम और रेशमा ने करीब तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने के कारण रेशमा की हत्या की गई। एसपी सिटी देवेंद्र कुमार के अनुसार, परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।