Twisha Sharma : ट्विशा शर्मा को मौत के 13वें दिन मिली अंतिम विदाई, भदभदा श्मशान घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
Twisha Sharma : भोपाल। ट्विशा शर्मा मौत मामले में 12 दिन बाद आखिरकार उनके पार्थिव शरीर को अंतिम विदाई दी गई। भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर सोमवार को ट्विशा का अंतिम संस्कार किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। ट्विशा की मां शव देखते ही फूट-फूट कर रो पड़ीं और कई बार बेहोश भी हो गईं। किसी मां के लिए अपनी बेटी का अंतिम संस्कार देखना अत्यंत दर्दनाक पल होता है।
कड़ी सुरक्षा के बीच पहुंचाया गया शव
दिल्ली AIIMS की टीम द्वारा दोबारा पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद ट्विशा का शव परिजनों को सौंप दिया गया था। शव को अस्पताल की मोर्चरी से भदभदा घाट ले जाने के दौरान भारी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की गई। अस्पताल से लेकर घाट तक पूरे रास्ते पर सुरक्षा बल तैनात रहे। अंतिम यात्रा के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा।
दूसरे पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
परिजनों ने अब दिल्ली AIIMS द्वारा किए गए दूसरे पोस्टमार्टम की रिपोर्ट का इंतजार जताया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि रिपोर्ट से मौत के असली कारण सामने आएंगे। इस बीच फॉरेंसिक टीम ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह के घर पहुंची और वहां जांच शुरू कर दी है।
सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान
इस हाई-प्रोफाइल मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जोयमाल्य बागची और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की विशेष पीठ 25 मई को इस मामले की सुनवाई करेगी।