Twisha Sharma Case : ट्विशा शर्मा केस : हाईकोर्ट की अनुमति के बाद दिल्ली AIIMS टीम ने शुरू किया दोबारा पोस्टमार्टम
भोपाल। जबलपुर हाईकोर्ट से अनुमति मिलने के बाद ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम आज 24 मई को शुरू हो गया है। दिल्ली AIIMS की विशेष मेडिकल टीम और ट्विशा के परिजन इस प्रक्रिया के लिए भोपाल AIIMS पहुंचे हैं। इस मामले में हर रोज नया मोड़ सामने आ रहा है और दोबारा पोस्टमार्टम से कई महत्वपूर्ण सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
परिजनों ने जताई उम्मीद
ट्विशा शर्मा के परिवार का कहना है कि दोबारा पोस्टमार्टम से कई छुपी हुई बातें सामने आएंगी। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए लंबे समय से दूसरी पोस्टमार्टम की मांग की थी। परिवार को उम्मीद है कि इससे मौत के असली कारणों का पता चलेगा और जो सच्चाई छुपाई जा रही है, वह खुलकर सामने आएगी।
AIIMS परिसर में टाइट सुरक्षा व्यवस्था
केस की संवेदनशीलता को देखते हुए भोपाल AIIMS के मर्चरी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत कड़ी कर दी गई है। AIIMS परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बैरिकेडिंग और अतिरिक्त गार्डों की तैनाती के साथ पूरे इलाके को घेर लिया गया है।
हाईकोर्ट में हुई तीखी बहस के बाद मिली अनुमति
दोबारा पोस्टमार्टम को लेकर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में दोनों पक्षों के बीच लंबी बहस हुई। याचिकाकर्ता पक्ष ने निष्पक्ष जांच के लिए दूसरी पोस्टमार्टम की जरूरत बताई, जबकि विपक्ष ने इसे पहले रिपोर्ट पर सवाल उठाने जैसा बताया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने दोबारा पोस्टमार्टम की अनुमति प्रदान कर दी।
आरोपी पति समर्थ सिंह 7 दिन की पुलिस रिमांड पर
22 मई को जबलपुर कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे आरोपी पति समर्थ सिंह को 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। एसआईटी टीम लगातार उनसे पूछताछ कर रही है। सूत्रों के अनुसार, समर्थ सिंह के जवाबों से जांच एजेंसी अभी पूरी तरह संतुष्ट नहीं हुई है। पुलिस मौत से पहले और बाद की घटनाओं की पूरी तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
मामले की जांच तेज
ट्विशा शर्मा मौत मामले में एसआईटी की जांच तेज गति से चल रही है। दोबारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की दिशा और साफ होने की संभावना है। पूरा मामला फिलहाल सुर्खियों में बना हुआ है और परिजनों को न्याय मिलने की उम्मीद है।