Tvisha Sharma case: त्विषा शर्मा केस में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, दोबारा होगा पोस्टमार्टम
Tvisha Sharma case: भोपाल: मध्यप्रदेश के चर्चित त्विषा शर्मा मौत मामले में जबलपुर हाईकोर्ट ने अहम आदेश जारी किया है। शुक्रवार को मामले से जुड़ी तीन अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए अदालत ने त्विषा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए। कोर्ट ने कहा कि यह प्रक्रिया मृतका की गरिमा और सम्मान को ध्यान में रखकर की जाए। नया पोस्टमार्टम भोपाल में दिल्ली एम्स की विशेषज्ञ टीम द्वारा किया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही अदालत तय करेगी कि शव किसे सौंपा जाएगा।
इससे पहले भोपाल जिला एवं सत्र न्यायालय ने दोबारा पोस्टमार्टम की मांग वाली याचिका खारिज कर दी थी। परिवार ने पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल उठाए थे। 13 मई को भोपाल एम्स में शव परीक्षण किया गया था। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से त्विषा की सास गिरिबाला सिंह की जमानत रद्द करने की याचिका भी दायर की गई।
हाईकोर्ट ने इस मामले में नोटिस जारी करते हुए अगली सुनवाई 25 मई तय की है। वहीं, पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत से जुड़ी याचिका उनके वकीलों ने वापस ले ली। अब समर्थ सिंह भोपाल की निचली अदालत में आत्मसमर्पण करेंगे। गौरतलब है कि 31 वर्षीय त्विषा शर्मा का शव 12 मई को भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध हालत में मिला था। मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।