एक घंटा 50 मिनट में तय होगा भोपाल से गोवा का सफर, 1 दिसंबर से शुरू होगी उड़ान
इस रूट पर 180 सीटों वाला बोइंग विमान चलाया जाएगा।
By : Rohit Banchhor
Update: 2024-11-25 10:57 GMT
MP News : भोपाल। राजाभोज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से विंटर शेड्यूल में एयर इंडिया और इंडिगो एयरलाइंस नई उड़ानों की शुरुआत करने जा रही है। लंबे समय बाद भोपाल को गोवा से एक बार फिर डायरेक्ट कनेक्टिविटी मिलने वाली है। भोपाल एयरपोर्ट से 180 सीटर डायरेक्ट फ्लाइट गोवा के लिए उड़ान भरेगी। इसके अलावा एयर इंडिया एवं इंडिगो एयरलाइंस हैदराबाद और बेंगलुरु के लिए भी अतिरिक्त फ्लाइट सेवा शुरू करेगी। इससे पहले इंडिगो ने मई 2023 में पहली बार भोपाल से गोवा तक सीधी उड़ान शुरू की थी। इस रूट पर 180 सीटों वाला बोइंग विमान चलाया जाएगा।
MP News : भोपाल से गोवा तक का सफर एक घंटा 50 मिनट में पूरा होगा। प्रस्तावित उड़ान शनिवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी छह दिन चलेगी। इसका शेड्यूल भी पैसेंजर फ्रेंडली है।नई उड़ान गोवा के डाबोलिम एयरपोर्ट से संचालित होगी। कंपनी ने शुरुआती किराया पांच से साढ़े पांच हजार रुपए तय किया है। एयर इंडिया की सहयोगी कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी भोपाल से उड़ानें शुरू करने की तैयारी की है। कंपनी बेंगलुरु और हैदराबाद उड़ान के साथ ही इसकी शुरुआत कर सकती है। कंपनी ने दिल्ली एवं मुंबई के लिए भी स्लॉट लिया है। यह उड़ानें शुरू हुईं तो यात्रियों को कम किराये में सीटें मिल सकती हैं।