बाइक से जा रहे शोरूम मैनेजर पर चाकू से हमला कर 3 लाख की लूट, पुलिस जांच में जुटी...
पुलिस आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरो के साथ अन्य तकनीकी उपकरणों का सहारा ले रही है।
By : Rohit Banchhor
Update: 2024-10-28 04:04 GMT
MP News : भोपाल। राजधानी भोपाल में एक टू व्हीलर वाहन शोरूम के मैनेजर के साथ लूट की घटना का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लूट की वारदात उस वक्त हुई जब मैनेजर हिमांशु निशातपुरा से काम निपटाकर देर रात्रि लालघाटी स्थित अपने घर जा रहे थे। तभी केंद्रीय जेल के पास पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात बाइक सवार लुटेरों ने लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। हिंमाशु की मानों तो 4 अनजान लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर आए और गाड़ी को रोककर चाकू से हमला कर उनका बैग और मोबाइल छीन ले गए।
MP News : जिसके बाद पीड़ित ने गांधीनगर थाने में इसकी सूचना दी। पुलिस के अनुसार बैग में 3 लाख 1 हजार रुपए रखे हुए थे। घटना की तस्दीक करते हुए 4 अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का प्रकरण दर्ज कर लिया हैं। एसीपी निशातपुरा ऋचा जैन ने बताया कि हिमांशु गुलशानी विजय नगर लालघाटी में रहते हैं। वह करोंद से विजयनगर रोजाना केंद्रीय जेल व एयरपोर्ट रोड से होते हुए जाते हैं। बीती रात भी वह रोजाना की तरह ड्यूटी पूरी कर निकले थे। केन्द्रीय जेल रोड पर ही थे कि पीछे से दो बाइक पर आए चार बदमाशों ने उनकी स्कूटी को रोक लिया, यह सभी मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे।
MP News : स्कूटी के रुकते ही बदमाशों ने गुलशानी का बैग छीनने की कोशिश शुरू कर दी। गुलशानी ने विरोध किया तो एक बदमाश ने चाकू निकाल उनके हाथ पर वार कर दिया। चाकू लगते ही बैग उनके हाथ से छूट गया, जिसे लेकर बदमाश भाग गए। फिलहाल गांधीनगर थाना पुलिस ने लूट का मामला दर्ज किया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है,पुलिस आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरो के साथ अन्य तकनीकी उपकरणों का सहारा ले रही है।