Raipur South Assembly by-election: आशीर्वाद भवन में हाईवोल्टेज सम्मेलन, जो थे उम्मीदवारों की दौड़ में वहीं करते दिखे एकजुटता की बात, महंत के इस अंदाज से बदल गई कहानी
Raipur South Assembly by-election: रायपुर दक्षिण विधानसभा उप चुनाव की तैयारी के लिए रविवार को राजधानी के आशीर्वाद भवन में दक्षिण विधानसभा
By : Pradeep Sharma
Update: 2024-10-20 11:24 GMT
प्रदीप शर्मा/रायपुर। Raipur South Assembly by-election: रायपुर दक्षिण विधानसभा उप चुनाव की तैयारी के लिए रविवार को राजधानी के आशीर्वाद भवन में दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथों के कार्यकर्ता एकजुट दिखे, पूरे दिन उम्मीदवार किसे बनाया जाए इसे लेकर बूथ लेवल के कार्यकर्ता से फीडबैक लेने में बीता।
आशीर्वाद भवन में कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ.चरणदास महंत, पूर्व सीएम भूपेश बघेल, ताम्रध्वज साहू, रविन्द्र चौबे सहित उम्मीदवारों की दौड़ में शामिल रहे चेहरे अपने समर्थकों के साथ मौजूद रहे।
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने इस अंदाज में शुरु की अपनी बात
सम्मेलन की शुरुआत में ही नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कार्यकर्ताओं को टटोलने के लिए अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने चुनाव को पूरी तरह संगठन पर छोड़ दिया, और संगठन के निर्देशों के मुताबिक प्रचार करते रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विश्वास बहुत जरूरी है। यदि कार्यकर्ता को अपने नेताओं, और साथियों पर विश्वास नहीं है, तो वह चुनाव नहीं जीत सकता। कार्यकर्ताओं का विश्वास हो तो चुनाव जीतने से कोई रोक नहीं सकता। इसके लिए जरूरी है कि पहले उनकी बातें सुनी जाए जो चुनाव लड़ना चाहते हैं।
और बदल गई पूरी कहानी
डॉ महंत की बात पर कार्यक्रम का संचालन कर रहे धनेंद्र साहू ने पहले प्रमोद दुबे, एजाज ढेबर, कन्हैया अग्रवाल और आकाश शर्मा को मंच पर अपनी बात रखने का बुलाया। सभी ने संगठन की तारीफ और भाजपा को हाराने में एकजुटता से काम करने की बात कही। सम्मेलन में कन्हैया ने कहा कि टिकट हममें से किसी को भी मिले। पूरी एकजुटता से लड़ना होगा। अभी जो राजनीतिक माहौल है उसमें ये सीटे हारे तो निकाय, पंचायत चुनावों के लिए मनोबल गिरेगा।
फिर कहां अटक गई बात
दर असल आज दिल्ली में दोपहर से ही महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए महा विकास अधाड़ी नेताओं के बीच सीट शेयरिंग की बात होती रही। महाराष्ट्र की करीब 30 सीटों के लिए उम्मीदवारों के चयन को लेकर कांग्रेस, एनसीपी और ठाकरे गुट वाली शिवसेना में एक राय नहीं बन सकी। इस वजह से बाकी राज्यों के कांग्रेस उम्मीदवारों के नाम की लिस्ट फाइनल नहीं हो पाई। सूत्रों की माने तो कल देर शाम रायपुर दक्षिण विधानसभा सहित बाकी राज्यों में कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी।