Raipur City Crime : इंटरनेशनल ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़, नाईजीरियन सरगना समेत 2 गिरफ्तार

इस कार्रवाई में विदेशी नागरिक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो देशभर में कोकीन सप्लाई कर रहे थे।

Update: 2026-05-02 13:08 GMT

Raipur City Crime : रायपुर। छत्तीसगढ़ की रायपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट पर बड़ा प्रहार करते हुए दिल्ली में दबिश देकर नाईजीरियन नेटवर्क का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में विदेशी नागरिक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो देशभर में कोकीन सप्लाई कर रहे थे।

यह पूरा मामला थाना देवेन्द्र नगर में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के तहत शुरू हुआ, जब 19 मार्च 2026 को पुलिस ने आरोपी कृष्ण गोपाल अग्रवाल को 4.55 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि यह सप्लाई एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह के जरिए की जा रही थी, जिसका नेटवर्क दिल्ली से ऑपरेट हो रहा था और इसकी जड़ें नाईजीरिया तक फैली थीं।

इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम को नई दिल्ली भेजा गया, जहां तिलक नगर इलाके में दबिश देकर सन्नी शर्मा और नाईजीरियन नागरिक तोचकू अफामे उर्फ प्रिंस चार्ल्स को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे बीपी मशीन के बॉक्स में छुपाकर कोकीन की सप्लाई करते थे, ताकि जांच एजेंसियों को चकमा दिया जा सके।

साथ ही यह भी सामने आया कि नाईजीरिया में बैठा ‘चिची’ नाम का शख्स पूरे ड्रग्स सिंडिकेट को संचालित कर रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 9.7 लाख रुपये नकद, 5 मोबाइल फोन और 3 चेकबुक जब्त किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि सन्नी शर्मा अपने बैंक खाते कमीशन के आधार पर इस नेटवर्क को उपलब्ध कराता था, जिससे देशभर में अवैध लेनदेन किया जाता था।

इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने कोकीन सप्लाई के इस एंड-टू-एंड नेटवर्क को ध्वस्त करने का दावा किया है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Tags:    

Similar News