पटना: पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट का मुख्य द्वार बंद करा दिया और पूरे परिसर को खाली करा लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की जांच शुरू की।

मुख्य द्वार बंद, परिसर कराया खाली

धमकी की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। कोर्ट में मौजूद लोगों को बाहर निकाल दिया गया। पुलिस ने किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए परिसर में आवाजाही रोक दी और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

बम और डॉग स्क्वॉड ने की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने कोर्ट परिसर के अलग-अलग हिस्सों की जांच की। पुलिस धमकी के स्रोत का पता लगाने में भी जुटी है।

कोर्ट का कामकाज प्रभावित

धमकी के कारण शुक्रवार को कोर्ट का कामकाज प्रभावित रहा। मुकदमों और जमानत की कार्रवाई के लिए दूर-दराज से पहुंचे लोगों को परेशानी हुई। अचानक परिसर खाली कराए जाने से वकील और पक्षकार भी परेशान नजर आए।

धमकी की जांच जारी

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी किस माध्यम से दी गई और इसके पीछे कौन है। फिलहाल सुरक्षा टीमों की जांच जारी है।

Tags: