सरकारी स्कूलों का नया टाइम-टेबल: इस दिन हाफ डे, 'नो बैग डे' भी रहेगा जारी
सरकारी स्कूलों में हाफ डे रहेगा। कक्षाएं दोपहर 1 बजे तक चलेंगी, जबकि 'नो बैग डे' व्यवस्था जारी रहेगी।
पटना। बिहार सरकार ने सरकारी स्कूलों के संचालन समय में बड़ा बदलाव किया है। शिक्षा विभाग ने गुरुवार को अधिसूचना जारी कर बताया कि अब राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में शनिवार को हाफ डे रहेगा। इस दिन स्कूल सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक संचालित होंगे। यह व्यवस्था मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की घोषणा के अनुरूप लागू की गई है।
सोमवार से शुक्रवार तक नहीं बदलेगा समय
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया कि सोमवार से शुक्रवार तक स्कूल पहले की तरह सुबह 9:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक चलेंगे। शनिवार को पहले से लागू 'नो बैग डे' की व्यवस्था भी जारी रहेगी, ताकि बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिल सके।
प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के लिए अलग व्यवस्था
कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई शनिवार को दोपहर 12 बजे तक होगी। इसके बाद 12:00 से 12:40 बजे तक मध्याह्न भोजन कराया जाएगा और फिर छुट्टी कर दी जाएगी। वहीं माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ाई और अन्य गतिविधियां दोपहर 1 बजे तक चलेंगी।
शिक्षकों को मिले नए निर्देश
शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को कक्षाएं समाप्त होने के बाद प्रतिदिन एक घंटे तक अगले दिन और अगले सप्ताह की पाठ योजना तैयार करने, कॉपियां जांचने, मूल्यांकन, शिक्षक डायरी अपडेट करने और जरूरत पड़ने पर रिमेडियल कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने यह भी कहा है कि 'नो बैग डे' को और प्रभावी बनाने के लिए कला और संगीत शिक्षकों की नियुक्ति की दिशा में भी काम किया जा रहा है।