Bihar: पटना में छात्र प्रदर्शन, छात्रों और पुलिस के बीच झड़प, दागे गए आंसू गैस के गोले
Bihar: पटना: पटना में पेपर लीक, शिक्षा में भ्रष्टाचार और निजीकरण के विरोध में बुधवार को छात्र संगठन आइसा (AISA) के नेतृत्व में हजारों छात्र और युवा सड़कों पर उतरे। गांधी मैदान गेट नंबर-10 से राजभवन तक मार्च निकाला गया। हालांकि, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जेपी गोलंबर के पास बैरिकेड लगाकर रोक दिया। इसके बाद छात्रों और पुलिस के बीच बहस हुई, जो बाद में झड़प में बदल गई।
छात्रों की प्रमुख मांगें
प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और बिहार के शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी के इस्तीफे की मांग की। साथ ही सभी पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, शिक्षा में भ्रष्टाचार और निजीकरण पर रोक, 7.5 सीजीपीए की अनिवार्यता खत्म करने, फीस वृद्धि वापस लेने और पीएचडी छात्रों के लिए नॉन-नेट फेलोशिप लागू करने की मांग उठाई। इसके अलावा पटना विश्वविद्यालय की स्वायत्तता बनाए रखने की भी मांग की गई।
पुलिस ने किया बल प्रयोग
स्थिति बिगड़ने पर कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठा रहा है।