Bihar : CM सम्राट चौधरी के 100 दिन पूरे, कोसी-गंडक कॉरिडोर से लेकर नए एयरपोर्ट और स्टील प्लांट तक किए बड़े ऐलान

Update: 2026-07-25 14:23 GMT

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपनी सरकार के 100 दिन पूरे होने के मौके पर राज्य के विकास को लेकर कई बड़ी योजनाओं का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बिहार में उद्योग, परिवहन और रोजगार के क्षेत्र में बड़े बदलाव किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कोसी-गंडक कॉरिडोर, नए अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, स्टील प्लांट और इलेक्ट्रॉनिक पार्क जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की घोषणा की।

कोसी और गंडक नदी किनारे बनेगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि कोसी और गंडक नदी के किनारे सड़क नेटवर्क के साथ-साथ इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के जरिए उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ नए रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि गंगा के अलावा कोसी और गंडक नदी के आसपास आधुनिक टाउनशिप भी विकसित की जाएंगी।

गयाजी में लगेगा स्टील प्लांट, मुजफ्फरपुर में इलेक्ट्रॉनिक पार्क

सीएम ने बोकारो स्टील प्लांट की तर्ज पर गयाजी में स्टील प्लांट स्थापित करने की योजना का ऐलान किया। इसके अलावा मुजफ्फरपुर के राजापाकड़ में इलेक्ट्रॉनिक पार्क बनाया जाएगा, जिसमें करीब 20 से 30 हजार करोड़ रुपये के निवेश की संभावना जताई गई है। सरकार का दावा है कि इस परियोजना से करीब एक लाख लोगों को रोजगार मिल सकता है।

5 साल में खुलेंगी 25 नई चीनी मिलें

सम्राट चौधरी ने राज्य के कृषि और उद्योग क्षेत्र को मजबूत करने के लिए अगले पांच वर्षों में 25 नई चीनी मिलें खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार के हर जिले में उद्योग स्थापित करना है, ताकि युवाओं को राज्य में ही रोजगार के अवसर मिल सकें।

दरभंगा और पूर्णिया एयरपोर्ट को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय दर्जा

मुख्यमंत्री ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि नवंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन कर सकते हैं। इसके अलावा पूर्णिया एयरपोर्ट को भी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की योजना है, जिसके लिए 206 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है।

बिहार में बनेंगे कई नए एयरपोर्ट

राज्य में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए दो ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट समेत कुल 9 नए एयरपोर्ट विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इनमें सोनपुर, भागलपुर के अजगैबीनाथ सुल्तानगंज, वीरपुर, सहरसा, फारबिसगंज, किशनगंज, वाल्मीकिनगर, मुजफ्फरपुर और गोपालगंज शामिल हैं।

बाढ़ नियंत्रण के लिए बनेगा मास्टर प्लान

मुख्यमंत्री ने नेपाल से आने वाली नदियों के कारण बिहार में आने वाली बाढ़ की समस्या को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बाढ़ नियंत्रण के लिए एक व्यापक मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा और उसी के आधार पर स्थायी समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।

पटना में बनेगा जीविका टावर, नालंदा यूनिवर्सिटी के छात्रों को मिलेगी छात्रवृत्ति

सम्राट चौधरी ने पटना में जीविका दीदियों के लिए ‘जीविका टावर’ बनाने की घोषणा की। इसमें जीविका समूहों के उत्पादों की बिक्री के लिए विशेष व्यवस्था होगी। इसके अलावा नालंदा अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले बिहार के छात्रों के लिए मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना शुरू करने की बात भी कही गई।

Tags:    

Similar News