Bihar Crime : सहरसा। बिहार के सहरसा में एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना सदर थाना क्षेत्र के गौतम नगर वार्ड नंबर 11 की है, जहां अभिजीत सिंह राजपूत का शव उसके घर के अंदर कमरे से बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद करीब दो दिनों तक शव कमरे में ही पड़ा रहा।

घटना का खुलासा तब हुआ, जब मृतक के परिचितों को मामले की जानकारी मिली। मृतक के मित्र आशीष कुमार सिंह के अनुसार, आर्यन नाम के युवक ने अभिजीत के छोटे भाई और उन्हें फोन कर घटना की सूचना दी थी। इसके बाद जब वे अभिजीत के घर पहुंचे तो मुख्य गेट खुला था, जबकि बरामदे के गेट पर ताला लगा हुआ था। खिड़की से अंदर देखने पर हत्या की जानकारी हुई।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गेट का ताला तोड़कर कमरे के अंदर दाखिल हुई। वहां अभिजीत का शव मिला, जिसे तकिये से ढंककर रखा गया था। पुलिस के मुताबिक, युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीछे के रास्ते से फरार हुआ होगा।

मृतक के मित्र ने आरोप लगाया है कि पैसे के लेन-देन को लेकर आर्यन नामक युवक ने अभिजीत की हत्या की। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की वजह और आरोपी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

सदर एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि अभिजीत 16 सितंबर की रात एक पार्टी में गया था और वहां से लौटने के बाद करीब 2 बजे रात उसकी हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।

Tags: