Bihar Crime : ज्वेलरी शॉप पर दिनदहाड़े 40 लाख की लूट, फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए फरार हुए 6 बदमाश
बेगूसराय के फुलवड़िया बाजार में हथियारबंद बदमाशों ने लूटा सोना-चांदी और नकदी, वारदात के दौरान करीब 15 राउंड फायरिंग से मची अफरा-तफरी
Bihar Crime : बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले में हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। फुलवड़िया बाजार स्थित मां पार्वती ज्वेलर्स में घुसे छह बदमाश करीब 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूटकर फरार हो गए। वारदात के दौरान दुकान के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग भी की गई, जिससे पूरे बाजार में दहशत फैल गई।
दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे थे बदमाश
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 1:45 बजे दो बाइकों पर सवार छह बदमाश फुलवड़िया थाना क्षेत्र के फुलवड़िया बाजार पहुंचे। सभी ने हेलमेट और मास्क पहन रखे थे। इनमें से कुछ बदमाश दुकान के भीतर घुसे, जबकि बाकी बाहर खड़े रहे। आरोप है कि बाहर मौजूद बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए करीब 15 राउंड फायरिंग की। गोलियों की आवाज सुनते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दुकान में मौजूद मालिक, कर्मचारी और ग्राहक अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
गनपॉइंट पर गहने और नकदी समेटे
ज्वेलरी शॉप के मालिक भवेश कुमार के मुताबिक, घटना के समय दुकान में एक कर्मचारी और सुनीता देवी समेत चार से पांच ग्राहक मौजूद थे। बदमाशों ने हथियार के दम पर काउंटर और तिजोरी में रखे आभूषण व नकदी समेट ली। दुकानदार के अनुसार, आरोपी करीब 200 ग्राम सोना, दो किलो चांदी और गल्ले में रखे एक लाख रुपये नकद बैग में भरकर ले गए। लूट के दौरान बदमाशों ने दुकान के काउंटर और तिजोरी में भी तोड़फोड़ की।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कराई। पुलिस ने दुकान में लगे CCTV कैमरों के फुटेज और हार्ड डिस्क को कब्जे में लिया है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस आरोपियों का सुराग जुटाने और लूटे गए आभूषणों व नकदी की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।