पटना। पटना एयरपोर्ट पर वाहन पार्किंग अब महंगी हो गई है। एयरपोर्ट प्रशासन ने पार्किंग शुल्क में बड़ा बदलाव करते हुए नया रेट लागू कर दिया है। बुधवार से लागू हुए नए नियमों के तहत कई श्रेणी के वाहनों के शुल्क में छह गुना तक बढ़ोतरी की गई है। यात्रियों को अब एयरपोर्ट पर वाहन खड़ा करने के लिए पहले की तुलना में ज्यादा भुगतान करना होगा।

कार, SUV और बसों के पार्किंग शुल्क में भारी बढ़ोतरी

नए शुल्क के अनुसार सात सीटर निजी कार और SUV के लिए अब 20 रुपये की जगह 40 रुपये देने होंगे। वहीं सात सीटर से अधिक वाली SUV, ऑटो और निजी वाहनों का शुल्क बढ़ाकर 80 रुपये कर दिया गया है, जो पहले 20 रुपये था। इसके अलावा बस, कोच और ट्रक के लिए पार्किंग शुल्क 30 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये कर दिया गया है। हालांकि बाइक और स्कूटी के लिए शुरुआती 30 मिनट का शुल्क पहले की तरह 10 रुपये ही रखा गया है।

30 मिनट से 2 घंटे तक पार्किंग के नए रेट

एयरपोर्ट पर 30 मिनट से दो घंटे तक वाहन खड़ा करने के लिए भी शुल्क बढ़ाया गया है। बाइक के लिए अब 15 रुपये देने होंगे। वहीं सात सीटर कार और SUV के लिए शुल्क 55 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये कर दिया गया है। ऑटो, मिनी बस और सात सीट से ज्यादा वाली SUV के लिए अब 80 रुपये शुल्क लगेगा। बस, कोच और ट्रक के लिए दो घंटे तक पार्किंग शुल्क 70 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये कर दिया गया है।

पिक एंड ड्रॉप के लिए भी बदले नियम

पटना एयरपोर्ट पर यात्रियों को छोड़ने या लेने आने वाले वाहनों के लिए पिक एंड ड्रॉप समय सीमा घटाकर 9 मिनट कर दी गई है। ओला, उबर जैसी कैब को एयरपोर्ट के अराइवल या डिपार्चर क्षेत्र तक जाने के लिए अब 55 रुपये शुल्क देना होगा। इसमें GST भी शामिल है।

Tags: