समस्तीपुर। जमुई में छात्रा से छेड़छाड़ का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि समस्तीपुर में भी एक युवती से कथित अभद्रता का वीडियो सामने आया है। वीडियो कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाईपास रोड का बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले में पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

फोटो लेने रुकी थी युवती, युवकों ने घेरा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवती एक युवक के साथ बाइक से बांध बाईपास रोड से गुजर रही थी। दोनों सड़क किनारे रुककर फोटो ले रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और युवती को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया।

वीडियो में बदसलूकी का दावा

वायरल वीडियो में कुछ युवक युवती से नाम-पता पूछते और कथित तौर पर गाली-गलौज करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवती के साथ गलत तरीके से छूने और सड़क पर खींचने जैसी हरकत किए जाने का दावा किया जा रहा है। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया था।

पुलिस ने शुरू की जांच

वीडियो वायरल होने के बाद समस्तीपुर पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने जगतसिंहपुर गांव के पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें विकास शर्मा और राहुल कुमार की पहचान होने की बात कही गई है। पुलिस के अनुसार, विकास के खिलाफ शराब से जुड़े मामले दर्ज हैं।

एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियों और सभी आरोपियों की भूमिका की जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना कब हुई और वीडियो किसने बनाया था।

Tags: