भोपाल में डेढ़ हजार स्कूली बच्चों ने साइबर पाठशाला में सतर्क रहने के सीखे गुर
By : Vpb
Update: 2024-09-03 05:02 GMT
भोपाल। कोई किसी को मुफ्त में कुछ नहीं देता। गिफ्ट के लालच में अनजान लिंक पर क्लिक न करें। आप साइबर फ्रॉड के शिकार हो सकते हैं। परिवार का पर्सनल डाटा भी चोरी हो सकता है। बच्चों को साइबर फ्रॉड से बचाने साइबर एक्सपर्ट स्कूलों में पहुंच रहे हैं और हिदायतें दी जा रही हैं। राजधानी के तीन स्कूलों में इसकी ट्रेनिंग हो चुकी है।
राजधानी के छह स्कूलों को इसके लिए चुना गया है। साइबर एक्सपर्ट यशदीप चतुर्वेदी ने बताया कि स्कूलों में इसके बारे में बताने के लिए पहले चरण में काम चल रहा है। बरखेड़ा स्थित स्कूल में बच्चों को इसके बारे में बताया गया। यहां स्टूडेंट को इसके बारे में प्रजेन्टेशन भी दिया गया। यह कार्यक्रम ब्रिटिश हाईकमीशन दिल्ली के प्रोग्राम साइबर फॉर यूथ के तहत चलाया जा रहा है।
स्कूल शिक्षा विभाग ने इसके संबंध में आदेश जारी किए हैं। चतुर्वेदी बताते हैं इस दौरान उन्हें बताया गया कि मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग करने के दौरान किन बातों का ध्यान रखें। इन्होंने बताया कि वर्तमान में सोशल साइट्स पर बच्चे भी एक्टिव हो रहे हैं। स्कूलों में इसके संबंध में बताया गया।