भोपाल। इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स के 39वें वार्षिक सम्मेलन का आयोजन भोपाल में 30 अगस्त से होटल ताज लेकफ्रंट में किया जाएगा। तीन दिवसीय सम्मेलन का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया जाएगा। ‘Resurgent India Inbound’ थीम पर हो रहे सम्मेलन में देश भर के 1200 से ज्यादा टूर ऑपरेटर, ट्रेवल एजेंट्स, होटेलियर सहित पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। पर्य़टन विभाग द्वारा मध्यप्रदेश को क्लीन, ग्रीन और सेफ डेस्टिनेशन के रूप में प्रचारित किया जाएगा। शुभारंभ समारोह पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री, भारत सरकार गजेंद्र सिंह शेखावत एवं पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी की  उपस्थिति में किया जाएगा। यह जानकारी म.प्र. पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक डॉ. इलैया राजा टी द्वारा दी गई।



इनबाउंड टूरिज्म बढ़ाने पर होगी चर्चा

सम्मेलन का शुभारंभ 30 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया जाएगा, जिसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ पहले दिन का समापन होगा। दूसरे दिन 31 अगस्त को बिजनेस सेशन होंगे। रिसर्जेंट इंडिया इनबाउंड- चुनौतीपूर्ण कारोबारी माहौल के बीच भारत को पुनः स्थापित करने की रणनीति विषय पर ज्ञान चर्चा की जाएंगी। दूसरा सत्र मध्यप्रदेश पर होगा। जिसमें अपर प्रबंध संचालक, टूरिज्म बोर्ड बिदिशा मुखर्जी द्वारा प्रदेश की पर्यटन विशेषताओं एवं संभावनाओं पर जानकारी दी जाएगी। इसके बाद 4 अन्य सत्रों के माध्यम से विषय-विशेषज्ञों द्वारा देशभर में विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने हेतु विचार-विमर्श किया जाएगा। 


रन फॉर रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म एक सितंबर को

एक सितंबर को सुबह 6 बजे वीआईपी रोड स्थित राजा भोज प्रतिमा से ‘रन फॉर रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म’ की शुरुआत होगी। होटल इम्पीरिल साबरे चौराहा से होते हुए वापस प्रतिमा पर समापन होगा। IATO सम्मेलन के बाद 2 सितंबर को FAM टूर होंगे, जिसमें टूर ऑपरेटर्स एवं ट्रेवल एजेंट्स को भोपाल, भोजपुर, भीमबेटका, पचमढ़ी, खजुराहो, इंदौर, उदयगिरी, सांची जैसे प्रमुख पर्यटन गंतव्यों पर भ्रमण करवाया जाएगा।