MP Weather : मध्य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी जारी: खजुराहो में सबसे ज्यादा ठंड, ग्वालियर के स्कूलों में छुट्टी, कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट

By :  Dev Verma
Update: 2026-01-09 09:32 GMT

MP Weather : भोपाल। मध्य प्रदेश में सर्दी का जोर अभी भी जारी है। प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में घना कोहरा और शीतलहर लोगों की जिंदगी प्रभावित कर रही है। शुक्रवार की सुबह ग्वालियर-चंबल, शहडोल, सागर और रीवा संभाग के 15 से अधिक जिलों में मध्यम से घना कोहरा देखा गया। मौसम विभाग ने कई जिलों में कोल्ड वेव और शीतलहर का अनुमान जताया है।

MP Weather : कहीं शीतलहर का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को शहडोल, रीवा, दतिया, छतरपुर, निवाड़ी, मऊगंज और टीकमगढ़ में शीतलहर का प्रभाव रहने का अनुमान है। शहडोल में पूरे दिन तापमान सामान्य से काफी कम रहने की संभावना है, यानी ‘कोल्ड डे’ की स्थिति बनी रहेगी।

MP Weather : सबसे कम तापमान वाले शहर

गुरुवार को प्रदेश के कुछ शहरों में रिकॉर्ड ठंड दर्ज की गई। खजुराहो में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम था। इसके अलावा शहडोल के कल्याणपुर में 3.4, रीवा में 4.1, दतिया-चित्रकूट में 4.2 और राजगढ़ में 4.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं, सबसे अधिक तापमान सिवनी में 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

MP Weather : ग्वालियर में स्कूलों में छुट्टी

ग्वालियर में गुरुवार को तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली। पारा मात्र 10.4 डिग्री पर पहुँच गया, जो पिछले दिन से 7.8 डिग्री कम है। ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिले के 8वीं तक के सभी स्कूलों में 9 और 10 जनवरी को छुट्टी घोषित की गई है। 9वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए भी राहत दी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी ने कलेक्टर के निर्देश पर आदेश जारी किया है कि 9 जनवरी से जिले में कोई भी स्कूल सुबह 10:30 बजे से पहले और दोपहर 3 बजे के बाद नहीं खोला जाएगा।

MP Weather : लोगों को सावधानी की जरूरत

शीतलहर और कोहरे के चलते आम नागरिकों से मौसम विभाग ने सावधानी बरतने की अपील की है। ठंड के दौरान गर्म कपड़े पहनना, घरों में ही अधिक समय बिताना और सुबह-शाम वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतना जरूरी है।

Tags:    

Similar News