MP News : छात्रावास में फंदे से लटका मिला छात्र का शव, जेब से मिली चिट्ठी ने बढ़ाया रहस्य, CCTV से खुलेगा राज
आलीराजपुर में 11वीं के छात्र की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी।
MP News : आलीराजपुर। मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले के कट्ठीवाड़ा ब्लॉक में एक आदिवासी छात्रावास में 11वीं कक्षा के छात्र की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। ग्राम चांदपुर स्थित शासकीय सीनियर आदिवासी बालक छात्रावास में रविवार शाम धुमेश पिता इगलसिंह कलेश का शव फंदे से लटका मिला। छात्र डूंगरगांव का रहने वाला था।
घटना के बाद छात्र की जेब से एक चिट्ठी मिलने की बात सामने आई है। इसी चिट्ठी ने मामले को और पेचीदा बना दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चिट्ठी छात्र ने खुद लिखी थी या इसके पीछे कोई और कहानी है। चिट्ठी में क्या लिखा था और उसका छात्र की मौत से क्या संबंध है, इसकी भी जांच की जा रही है।
परिजनों ने घटना को सामान्य आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि परिजनों द्वारा उठाए गए सवालों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने छात्रावास परिसर के CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालना शुरू कर दिया है। जांच में यह देखा जा रहा है कि घटना से पहले छात्र कहां था, वह किन लोगों के संपर्क में आया और उसके आसपास कौन मौजूद था। घटना के बाद की गतिविधियों को भी CCTV फुटेज के जरिए खंगाला जा रहा है।
एसडीओपी डॉ. शक्तिसिंह चौहान के मुताबिक, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस चिट्ठी, CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।