MP के 4 शहरों में बनेंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट, सीएम मोहन यादव ने 210 करोड़ रुपये की सामाजिक सुरक्षा पेंशन भी की जारी

Update: 2026-07-24 14:00 GMT

पन्ना। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पन्ना में आयोजित विकास कार्यक्रम के दौरान युवाओं, किसानों और प्रदेशवासियों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश शिक्षा, रोजगार और न्याय व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश के चार प्रमुख शहरों भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जाएंगे, ताकि युवाओं से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित हो सके।

अगले वर्ष शुरू होगा पन्ना मेडिकल कॉलेज

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 184 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पन्ना मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण अगले वर्ष किया जाएगा। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर NEET अभ्यर्थियों को डॉक्टर बनने के लिए अपने ही जिले में बेहतर चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य और शिक्षा के बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत कर रही है।

210 करोड़ रुपये की पेंशन राशि का किया अंतरण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 35 लाख से अधिक हितग्राहियों के खातों में लगभग 210 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से हस्तांतरित की। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और आत्मनिर्भर ग्राम पंचायतों को सम्मानित करते हुए प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए। कृषि कल्याण वर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री का हल भेंट कर सम्मान भी किया गया।

केन-बेतवा परियोजना से बदलेगा बुंदेलखंड का भविष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड वीरों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की भूमि है। उन्होंने बताया कि वर्षों से जल संकट और पलायन की समस्या से जूझ रहे इस क्षेत्र को अब केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना नई दिशा देगी। लगभग एक लाख करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना में केंद्र सरकार 90 प्रतिशत वित्तीय सहायता दे रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन लोगों की जमीन, मकान या दुकान इस परियोजना से प्रभावित होंगे, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाएगा।

किसानों से जमीन न बेचने की अपील

सीएम मोहन यादव ने किसानों से अपनी कृषि भूमि न बेचने की अपील करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में बुंदेलखंड कृषि उत्पादन के मामले में नई पहचान बनाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सिंचाई सुविधाएं बढ़ने के बाद यह क्षेत्र खेती के क्षेत्र में पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों को भी चुनौती देगा।

बृहस्पति कुंड में पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

मुख्यमंत्री ने पन्ना के प्रसिद्ध बृहस्पति कुंड में लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से विकसित ग्लास फ्लोर, व्यू प्वाइंट और अन्य पर्यटन सुविधाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह पर्यटन स्थल प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर के पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा।

Tags:    

Similar News