MP News : इंदौर। फिक्की एफएलओ इंदौर की ओर से आयोजित रेट्रो गरबा को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में वान्या’ज़ डांस प्लैनेट द्वारा 200 से अधिक महिलाओं के लिए विशेष गरबा अभ्यास सत्र आयोजित किया गया, जिसमें महिलाओं ने भगवान श्रीकृष्ण की थीम पर गरबा किया। पारंपरिक परिधानों में महिलाओं ने गरबा के विभिन्न नृत्य चरणों का अभ्यास करते हुए भक्ति और उत्सव का सुंदर संगम प्रस्तुत किया। रेट्रो संगीत के साथ कृष्ण थीम ने पूरे अभ्यास सत्र को खास बना दिया।

फिक्की एफएलओ के रेट्रो गरबा की सामूहिक अभ्यास कक्षाएं 28 सितंबर से, जबकि बच्चों के लिए अभ्यास सत्र 30 सितंबर से शुरू किए जा रहे हैं। प्रतिभागियों की सुविधा के लिए इंदौर के चार अलग-अलग स्थानों पर अभ्यास की व्यवस्था की गई है। इनमें वान्या’ज़ डांस प्लैनेट, विजय नगर, एक्स्ट्रा इनिंग्स टर्फ, पिपलियाना, यूनिक डांस क्रू, सपना-संगीता और द डांस सेंटर, रीगल शामिल हैं।

आयोजकों के अनुसार, शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में अभ्यास सत्र आयोजित करने का उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं और बच्चों को रेट्रो गरबा से जोड़ना है। अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए विशेष अभ्यास व्यवस्था की गई है, ताकि वे कोरियोग्राफी को आसानी से सीखकर आगामी आयोजन के लिए तैयारी कर सकें। कृष्ण थीम पर हुए विशेष गरबा सत्र में महिलाओं का उत्साह देखते ही बना और संगीत, नृत्य व भक्ति के संगम ने आयोजन को खास बना दिया।

Tags: