MP: दतिया उपचुनाव हार के बाद नरोत्तम मिश्रा की सफाई: बोले- आशुतोष तिवारी मेरे अनुज हैं, हमारे बीच कोई कटुता नहीं
MP
MP: भोपाल: दतिया उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद पार्टी के भीतर नाराजगी और भितरघात की चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के रिश्तों को लेकर भी कई तरह की बातें सामने आईं। इन अटकलों के बीच बुधवार को नरोत्तम मिश्रा ने फेसबुक पर पोस्ट साझा कर इन दावों को पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया।
'आशुतोष तिवारी मेरे अनुज हैं'
नरोत्तम मिश्रा ने अपनी पोस्ट में लिखा, "दतिया उपचुनाव के बाद सोशल मीडिया पर मेरे और भाजपा प्रत्याशी श्री आशुतोष जी तिवारी को लेकर जो भ्रामक और असत्य बातें फैलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह निराधार हैं। आशुतोष तिवारी जी मेरे अनुज हैं। उनके प्रति मेरे मन में हमेशा स्नेह और आत्मीयता रही है, और आगे भी रहेगी। हमारे बीच न कभी कोई कटुता थी, न आज है। आज भी हमारी मुलाकात हमेशा की तरह उसी गर्मजोशी और अपनत्व के साथ हुई।"
समर्थकों से की खास अपील
उन्होंने आगे लिखा, "आशुतोष जी भारतीय जनता पार्टी के एक कर्मठ, समर्पित और मेहनती कार्यकर्ता हैं। मेरे चुनाव 2003 डबरा से मैंने उन्हें एक ईमानदार कार्यकर्ता के रूप में ही देखा है।" साथ ही समर्थकों से अपील करते हुए कहा, "मैं अपने सभी समर्थकों और कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे ऐसा कोई कार्य, टिप्पणी या व्यवहार न करें जिससे पार्टी, संगठन या आशुतोष जी को किसी प्रकार का नुकसान पहुंचे।"
हार के बाद तेज हुई थीं अटकलें
दरअसल, उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं के बीच मतभेद की चर्चाएं तेज हो गई थीं। इसी बीच भाजपा की जिला इकाई भी भंग कर दी गई, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में कई तरह की अटकलें लगने लगीं। नरोत्तम मिश्रा की यह पोस्ट इन्हीं चर्चाओं पर विराम लगाने की कोशिश के तौर पर देखी जा रही है।